उठक-बैठक होगी आसान
उठक-बैठक होगी आसान
हममें से कई लोग ऐसे हैं, जो जमीन पर बैठने के बाद हाथों का सहारा लिए बिना उठ नहीं पाते। कई बार तो हाथों को ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है। ऐसे में ये व्यायाम इस समस्या को दूर करने में मदद करेंगे और शरीर में लचीलापन भी लाएंगे। इन सभी को बारी-बारी से रोज करें।
पहला व्यायाम
शरीर को स्क्वाट की अवस्था में लाएं और फिर मलासन में बैठ जाएं। कोहनियों को घुटनों से टिकाएं और चित्र के अनुसार कूल्हों को थोड़ा ऊपर उठाएं, फिर नीचे लाएं। इसे 10-15 बार दोहराने से कूल्हों की मांसपेशियों में लचीलापन आएगा।
दूसरा व्यायाम
चित्र के अनुसार फ़र्श पर पैरों को दाईं ओर मोड़कर बैठें। हाथों को पीछे फ़र्श पर रखकर शरीर को सहारा दें। अब दोनों पैरों को एक साथ दाई से बाईं ओर ले जाएं। शुरुआत में हाथों का सहारा लें, कुछ दिन बाद हाथों का सहारा लिए बिना अभ्यास करें। इसे 10-10
बार दोहराएं। इसका अभ्यास करने के बाद अगला स्टेप जोड़ें। जब दाईं से बाईं ओर जाएं तो उसी अवस्था में घुटनों के बल खड़े हो जाएं। फिर पूर्व स्थिति में लौटें और इस बार दाईं ओर मुड़कर घुटनों के बल खड़े हो जाएं। इसे 10-10 बार दोहराएं।
तीसरा व्यायाम
पीठ के बल लेट जाएं। घुटनों को मोड़ते हुए पैरों को ऊपर उठाएं। अब पैरों को एक साथ पहले दाईं ओर और फिर बाईं ओर ले जाएं। इसे भी 10-10 बार करें।
चौथा व्यायाम
पीठ के बल फ़र्श पर लेटें। पैरों को हवा में उठाते हुए तेज गति से बैठने की कोशिश करें। बैठते समय बारी-बारी से एक पैर मोड़ें। यह व्यायाम प्रमाण देगा कि आप अब उठ-बैठ पाते हैं। इसका 5-10 बार अभ्यास करें।




टिप्पणियाँ